रायपुर। छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों के कथित हनन और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने 24 नवंबर 2026 को रायपुर में प्रदेश स्तरीय महाबैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर सरकार को आखिरी पत्र सौंपने और आगामी रणनीति तैयार करने पर विचार किया जाएगा।
यह बैठक मंगलवार, 24 नवंबर को सुबह 10 बजे से विमतारा, शंकर नगर, पिल्ले चौक, रायपुर में आयोजित होगी। बैठक में छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि नंद कुमार साय की अध्यक्षता में बैठक संपन्न होगी।
प्रदेशभर के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को आमंत्रण
इस महाबैठक में प्रदेश के समस्त विधायकों, अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ, गोंडवाना गोंड महासभा, सर्व आदिवासी समाज पंजीयन, हल्बा-हल्बी समाज, हल्बा कर्मचारी प्रकोष्ठ, कंवर समाज, उरांव समाज, बस्तर संभाग सर्व आदिवासी समाज, गोंडवाना समन्वय समिति बस्तर सहित सभी 42 आदिवासी समाजों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
इसके अलावा 32 गढ़ एवं 18 गढ़ हल्बा समाज, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सचिवों को भी बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। समाज के कर्मचारी वर्ग से जुड़े प्रोफेसर, डॉक्टर, इंजीनियर, तहसीलदार, शिक्षक, लिपिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सहभागिता भी अपेक्षित है।
संवैधानिक अधिकारों और आगामी रणनीति पर होगा मंथन
बैठक का प्रमुख उद्देश्य आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों से जुड़े विषयों, समाज की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा करना है। साथ ही महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सरकार को अंतिम पत्र देने तथा आगे की कार्ययोजना और रणनीति तैयार करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, बैठक में चर्चा के प्रमुख बिंदु विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों से लिखित सुझाव एवं विचार भी आमंत्रित किए गए हैं।
समाज के सभी वर्गों से सहभागिता की अपील
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने प्रदेश के सभी जागरूक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, समाज प्रमुखों और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों से महाबैठक में उपस्थित होकर अपने विचार एवं सुझाव देने की अपील की है।
इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. रावटे ने कहा है कि आदिवासी समाज के संवैधानिक अधिकारों और सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर सामूहिक विचार-विमर्श के लिए सभी वर्गों की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
स्थान: विमतारा, शंकर नगर, पिल्ले चौक, रायपुर
दिनांक: 24 नवंबर 2026, मंगलवार
समय: सुबह 10 बजे से





